
मुंबई। महाराष्ट्र कांग्रेस के आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर डाले गए एक कथित आपत्तिजनक पोस्ट के बाद मुंबई पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफ़आईआर दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। सत्ताधारी बीजेपी के सोशल मीडिया सेल के कोऑर्डिनेटर प्रकाश गाडे ने यह पोस्ट देखने के बाद मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, पोस्ट में लिखा था- बीजेपी को लोगों को ज्यादा उकसाना नहीं चाहिए, वरना लेह जैसी स्थिति पूरे देश में फैल जाएगी, जहां जेनरेशन-ज़ेड ने बीजेपी ऑफिस में आग लगा दी थी। इस पोस्ट के साथ एक स्केच भी साझा किया गया था, जिसमें बीजेपी ऑफिस में आग लगी हुई दिखाई गई और कुछ लोग हाथों में पोस्टर व बैनर लेकर विरोध करते नजर आ रहे थे। गाडे की शिकायत पर मरीन ड्राइव पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 192 (दंगा भड़काने के इरादे से जानबूझकर उकसाना), 353(1) (इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से झूठी जानकारी, बयान या अफवाह प्रसारित करना) और 353(2) (जनता में डर या घबराहट फैलाने की मंशा से जानकारी साझा करना) के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच फिलहाल जारी है। ध्यान देने योग्य है कि पिछले हफ्ते लद्दाख में राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर हुए आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने एक बीजेपी ऑफिस, पुलिस वाहन और कई अन्य कारों को आग के हवाले कर दिया था।




