
मनोज दुबे/मुंबई। कुर्ला पश्चिम स्थित कमलाबाई चॉल से छह माह के एक मासूम के अपहरण के सनसनीखेज मामले में विनोबा भावे नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में आरोपी अमन आनंद सकट के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 137(2) के तहत गुन्हा क्रमांक 579/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता सोनिया श्यामसुंदर कांबळे (20) ने बताया कि रविवार सुबह लगभग 5:30 से 6:00 बजे के बीच उनका छह माह का पुत्र बाबू श्यामसुंदर कांबळे घर में सो रहा था। इसी दौरान आरोपी अमन आनंद सकट बच्चे को उसकी मां की जानकारी और अनुमति के बिना उठाकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही विनोबा भावे नगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अमित ताड के नेतृत्व में विशेष खोज अभियान शुरू किया गया। सभी पेट्रोलिंग वाहन, डिटेक्शन टीम, निगरानी टीम तथा अन्य पुलिस दलों को तत्काल सक्रिय कर क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की गई। पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे के निर्देश पर घाटकोपर, टिलक नगर और नेहरू नगर पुलिस स्टेशनों की अलग-अलग टीमों को भी तलाश अभियान में शामिल किया गया। इसके साथ ही कुर्ला, विद्याविहार और लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) रेलवे स्टेशन सहित आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। सीसीटीवी फुटेज की जांच में आरोपी बच्चे को लेकर विद्याविहार रेलवे स्टेशन की ओर जाता दिखाई दिया। आगे की जांच में उसके ठाणे की दिशा में ट्रेन से जाने की पुष्टि होने पर ठाणे पुलिस आयुक्तालय और रेलवे पुलिस को तत्काल अलर्ट किया गया। शाम करीब 6:30 बजे विष्णु नगर पुलिस स्टेशन (ठाणे शहर) से सूचना मिली कि अपहृत मासूम उनकी सीमा में सकुशल मिल गया है। इसके बाद बच्चे को सुरक्षित पुलिस संरक्षण में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। महज चार घंटे के भीतर बच्चे को सुरक्षित बरामद करने की इस सफल कार्रवाई पर पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे ने वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अमित ताड एवं विनोबा भावे नगर पुलिस की पूरी टीम की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक योगेश मुलमुले कर रहे हैं।

