
मुंबई। लंबे इंतजार के बाद मुंबई में मानसून ने जोरदार दस्तक दी है। बीते 24 घंटों में शहर में लगभग 225 से 250 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो जून माह की औसत वर्षा का लगभग 45 प्रतिशत है। इसके बावजूद मुंबई का जनजीवन सामान्य बना रहा, रेल और सड़क यातायात बिना किसी बड़े व्यवधान के संचालित होता रहा। इसे पावसपूर्व तैयारियों और प्रशासन की प्रभावी कार्यप्रणाली का परिणाम बताते हुए मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने संतोष व्यक्त किया।भारी बारिश के बीच महापौर रितु तावड़े ने बुधवार सुबह से शहर के विभिन्न संवेदनशील स्थलों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हिंदमाता मिनी पंपिंग स्टेशन, गांधी मार्केट मिनी पंपिंग स्टेशन, मिलन सबवे, अंधेरी सबवे और मालाड सबवे सहित कई स्थानों का निरीक्षण किया और वहां चल रहे राहत एवं जलनिकासी कार्यों की समीक्षा की।महापौर ने बताया कि सखल और अतिसखल क्षेत्रों में जमा वर्षा जल का तेजी से निकास किया गया, जिससे नागरिकों को किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय के कारण शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रही और कहीं भी बड़े पैमाने पर जनजीवन प्रभावित नहीं हुआ।निरीक्षण के दौरान महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मैनहोल सुरक्षित रूप से बंद रखे जाएं, जलनिकासी नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा जल निकासी पंप पूरी तरह कार्यरत रखे जाएं ताकि बारिश का पानी समय पर निकाला जा सके। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सुझावों को भी प्राथमिकता देने की बात कही।महापौर रितु तावड़े ने कहा कि प्रशासन, नगरसेवक और नगरसेविकाएं लगातार मैदान में मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उनका कहना था कि 24 घंटे में इतनी भारी बारिश के बावजूद मुंबई का सामान्य जीवन प्रभावित न होना इस बात का प्रमाण है कि इस वर्ष पावसपूर्व तैयारियां प्रभावी ढंग से की गई हैं।इस दौरान विभिन्न प्रभाग समितियों के अध्यक्ष, नगरसेवक तथा बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारी भी निरीक्षण दौरे में मौजूद रहे। महापौर ने नागरिकों से सावधानी बरतने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करने की अपील की।
#MumbaiRains #MumbaiMonsoon #BMC #RituTawde #MumbaiMayor #HeavyRainfall #Monsoon2026 #RainUpdate #MumbaiWeather #PublicSafety #FloodManagement #StormWaterDrainage #CivicAdministration #MumbaiNews #Maharashtra #RainPreparedness #UrbanInfrastructure #MunicipalCorporation #MumbaiTraffic #MonsoonPreparedness



