HomeCrimeमोबाइल चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, ठाणे क्राइम ब्रांच...

मोबाइल चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, ठाणे क्राइम ब्रांच ने यूपी भाग रहे दो आरोपियों को दबोचा

इंद्र यादव/ठाणे। समाज में कानून को अपने हाथ में लेने की बढ़ती प्रवृत्ति का एक और खौफनाक मामला ठाणे से सामने आया है, जहां मोबाइल चोरी के संदेह में एक व्यक्ति की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हालांकि, ठाणे क्राइम ब्रांच की त्वरित कार्रवाई से दोनों आरोपी फरार होने से पहले ही गिरफ्तार कर लिए गए। जानकारी के अनुसार, 5 जून 2026 को ठाणे पश्चिम के पोखरण रोड नंबर-2 स्थित हनुमान मंदिर के पास एक व्यक्ति को मोबाइल चोरी के शक में कुछ लोगों ने बुरी तरह पीट दिया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की बाद में मौत हो गई। इस घटना ने भीड़ द्वारा स्वयं न्याय करने की मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही ठाणे क्राइम ब्रांच की वागले यूनिट-5 ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि मामले के आरोपी महाराष्ट्र छोड़कर उत्तर प्रदेश भागने की तैयारी में हैं।
पुलिस जांच में पता चला कि दोनों आरोपी पनवेल से गोरखपुर एक्सप्रेस में सवार होकर फरार होने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कसारा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकवाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय देवकीलाल गिरी (28 वर्ष) और शिवा संजय गोस्वामी (25 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। यह कार्रवाई पुलिस सह आयुक्त डॉ. पंजाबराव उगले और पुलिस उपायुक्त पराग मणेरे के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में सहायक पुलिस आयुक्त शेखर बागड़े, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सलील भोसले, एपीआई पल्लवी ढगे-पाटील, सुनील अहिरे, राजेंद्र चौधरी, तेजस ठाणेकर तथा मिनीनाथ शिकारे सहित क्राइम ब्रांच की टीम शामिल रही। फिलहाल मामला वर्तक नगर पुलिस थाने में दर्ज है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अपराध की स्थिति में कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना दें, क्योंकि कानून व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस और न्यायिक व्यवस्था का दायित्व है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments