HomeCrimeमौदा टोल प्लाजा पर DRI की बड़ी कार्रवाई, 2.61 करोड़ रुपये का...

मौदा टोल प्लाजा पर DRI की बड़ी कार्रवाई, 2.61 करोड़ रुपये का 522 किलो गांजा जब्त; दो तस्कर गिरफ्तार

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। डीआरआई की मुंबई जोन स्थित नागपुर क्षेत्रीय इकाई ने एक अंतरराज्यीय गांजा तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए 2.61 करोड़ रुपये मूल्य का 522 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। डीआरआई अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा-आंध्र प्रदेश सीमा क्षेत्र से महाराष्ट्र की ओर बड़ी मात्रा में गांजा तस्करी कर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने नागपुर जिले के मौदा के निकट स्थित मथनी टोल प्लाजा पर एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक में बनाए गए गुप्त खानों से 522 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया गया। गांजा कुल 247 पैकेटों में पैक था, जिन्हें खाकी प्लास्टिक टेप से लपेटकर ड्राइवर की सीट के पीछे बने गुप्त कक्ष, कार्गो एरिया के नीचे लॉक किए गए टूलबॉक्स तथा चालक के केबिन के ऊपर छिपाया गया था। डीआरआई के अनुसार जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 2.61 करोड़ रुपये है। इसके अलावा करीब 8 लाख रुपये मूल्य का ट्रक भी जब्त कर लिया गया है। मामले में तस्करी नेटवर्क से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र में गांजा की आपूर्ति करने वाले इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के संबंध में आगे की जांच जारी है। डीआरआई का मानना है कि इस कार्रवाई से तस्करी गिरोह को बड़ा झटका लगा है। डीआरआई के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक नागपुर क्षेत्रीय इकाई ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कई सफल अभियान चलाए हैं। इसी वर्ष की शुरुआत में दो अलग-अलग लेकिन आपस में जुड़े अभियानों में 6.25 करोड़ रुपये मूल्य का 1,250 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त किया गया था और मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। डीआरआई ने स्पष्ट किया है कि नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे नेटवर्क से जुड़े लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments