
ठाणे। ठाणे क्राइम ब्रांच की मानव तस्करी विरोधी सेल (AHTC) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्स रैकेट से जुड़े मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी विनोद फुन्नन मौर्य को गिरफ्तार कर लिया है। मौर्य को अंबिवली गांव स्थित पंडित चॉल में हनुमान मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया। मौर्य के खिलाफ कल्याण के बाजारपेठ पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 143(1), 143(3), और 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 234/2025 दर्ज था, और वह पिछले कई दिनों से फरार था। AHTC को एक गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए मौर्य को बिना किसी विरोध के पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की जांच के लिए बाजारपेठ पुलिस को सौंप दिया गया है। यह पूरी कार्रवाई ठाणे कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पीएसआई स्नेहल शिंदे और एएसआई श्रद्धा कदम के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, मौर्य की गिरफ्तारी से मामले की जांच में और प्रगति होने की उम्मीद है।




