
नई दिल्ली। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) ने उपराष्ट्रपति चुनाव 2025 के लिए दो वरिष्ठ अधिकारियों को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, मतदान और मतगणना 9 सितंबर 2025 को होगी। इस चुनाव के लिए सुशील कुमार लोहानी, आईएएस (ओडिशा कैडर: 1995), अतिरिक्त सचिव, पंचायती राज मंत्रालय और डी. आनंदन, आईएएस (सिक्किम कैडर: 2000), अतिरिक्त सचिव, वित्त मंत्रालय (व्यय विभाग) को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, नितिन कुमार शिवदास खाड़े, आईएएस (असम-मेघालय कैडर: 2004), संयुक्त सचिव, ग्रामीण विकास मंत्रालय (भूमि संसाधन विभाग) को आरक्षित सूची में रखा गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि ये नियुक्तियां चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने के उद्देश्य से की गई हैं।




