Friday, February 6, 2026
Google search engine
Hometrendingजनपद झांसी में भव्यता के साथ मनाया गया उत्तर प्रदेश दिवस–2026

जनपद झांसी में भव्यता के साथ मनाया गया उत्तर प्रदेश दिवस–2026

केन्द्रीय मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा झांसी के जिलाधिकारी के सम्मान पर जनपदवासियों को बधाई, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सम्मान समारोह का आयोजन

देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश।
जनपद झांसी में उत्तर प्रदेश दिवस–2026 पूरे उत्साह, गरिमा और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक विभाग उत्तर प्रदेश एवं जिला प्रशासन झांसी के संयुक्त तत्वावधान में पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार में सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश की प्रभारी मंत्री, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, उत्तर प्रदेश शासन श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने की। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने जनपदवासियों को उत्तर प्रदेश दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश असीम संभावनाओं वाला प्रदेश बन चुका है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ द्वारा झांसी के जिलाधिकारी श्री मृदुल चौधरी को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया है, जो पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने बीमारू राज्य की छवि को पीछे छोड़ते हुए आज देश के विकास का ग्रोथ इंजन बनने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाए हैं। प्रदेश सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने, नारी शक्ति को आगे लाने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि युवा आज प्रदेश के विकास की धुरी बन रहे हैं और सरकार उनके कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक गठन की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश का गठन 1 अप्रैल 1937 को यूनाइटेड प्रोविन्स के रूप में हुआ था और 24 जनवरी 1950 को इसे उत्तर प्रदेश राज्य का दर्जा मिला। आज यह प्रदेश आध्यात्मिकता और आधुनिकता के संगम के साथ विकास और विरासत दोनों को आगे बढ़ा रहा है। कार्यक्रम के दौरान जनपद की उपलब्धियों और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के तहत अब तक 296 एमओयू पर हस्ताक्षर हो चुके हैं, जिससे जनपद में विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के माध्यम से युवाओं को बैंक ऋण उपलब्ध कराकर स्वावलंबी बनाया जा रहा है। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली 23 विभूतियों को बुंदेलखंडी पट्टा, स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विद्युत सखी, राष्ट्रीय स्तर के अंडरबॉल खिलाड़ी, जनपद के उत्कृष्ट उद्यमी श्री अमित सिंह (ज्वाइंट सेक्रेटरी, बुंदेलखंड चैंबर्स) तथा विवेकानंद यूथ पुरस्कार विजेता युवा चित्रकार श्री अर्शप्रीत सिंह शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को मतदाता शपथ दिलाई और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील की। कार्यक्रम से पूर्व प्रभारी मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने उत्तर प्रदेश स्थापना, पर्यटन विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सरकारी योजनाओं पर आधारित स्टॉलों का निरीक्षण किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत लोकमान्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जबकि ब्लू बेल्स स्कूल के बच्चों ने ‘मिट्टी: एक नई पहचान’ नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षाविद एवं समाजसेवी डॉ. नीति शास्त्री ने किया। इस अवसर पर मंडलायुक्त श्री विमल कुमार दुबे, मुख्य विकास अधिकारी श्री जुनैद अहमद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन गौतम, महापौर श्री बिहारी लाल आर्य, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments