
झांसी, उत्तर प्रदेश। विश्व पर्यावरण दिवस तथा योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर एस.एम.टावर सोसायटी, झोकन बाग और संघर्ष सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में वृक्षारोपण एवं मिष्ठान वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सोसायटी के सदस्यों और क्षेत्रीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर सोसायटी के सक्रिय सदस्य सुनील जायसवाल ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर नहीं, बल्कि मानव जीवन के आधार स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि सोसायटी परिवार एवं डॉ. संदीप सरावगी द्वारा आयोजित यह वृक्षारोपण कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर मिष्ठान वितरण कर उनकी दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. संदीप सरावगी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के आभूषण हैं और मानव जीवन की अमूल्य धरोहर हैं। यदि आज पर्यावरण की रक्षा की जाएगी तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ जीवन मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति समर्पित रहा है। उनके जन्मदिवस पर वृक्षारोपण जैसे जनहितकारी कार्यों के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मिष्ठान वितरण कर खुशियां साझा की गईं। इस अवसर पर अध्यक्ष ज्ञानेश नगरिया, महेश पटेरिया, दीपक त्रिपाठी, धर्मेन्द्र कुमार, सुदर्शन शिवहरे, अनिल अडानी, अनुज प्रताप सिंह, संदीप नामदेव, मास्टर मुन्नालाल, राम सेवक अरजरिया, रिया वर्मा, अंजली विश्वकर्मा, सुशांत गुप्ता, बसंत गुप्ता, सिद्धांत गुप्ता, मोहित लक्ष्यकार सहित एस.एम. टावर परिवार और क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



