HomeMaharashtraलोकभवन में पारंपरिक श्रीगुंडी देवी यात्रा का शुभारंभ, राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा...

लोकभवन में पारंपरिक श्रीगुंडी देवी यात्रा का शुभारंभ, राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने की पूजा-अर्चना

मुंबई। मुंबई स्थित लोकभवन परिसर में मंगलवार को पारंपरिक श्रीगुंडी देवी यात्रा का शुभारंभ राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़े इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर देवी मां के दर्शन किए। राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने श्रीगुंडी देवी मंदिर पहुंचकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा एवं आरती की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में विराजमान महालक्ष्मी माता, प्रभु श्रीराम और भगवान हनुमान के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। इस अवसर पर बंदरगाह विकास मंत्री नितेश राणे, कौशल विकास मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा तथा मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े ने भी श्रीगुंडी देवी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। श्रीगुंडी देवी यात्रा के अवसर पर मुंबई, ठाणे, पालघर तथा आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कोली समाज के श्रद्धालु लोकभवन पहुंचे। श्रद्धालुओं ने देवी मां के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, सुरक्षा और मंगल की कामना की। पूरे परिसर में धार्मिक उत्साह और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। लोकभवन स्थित श्रीगुंडी देवी को साकळाई देवी और सागरमाता के नाम से भी जाना जाता है। यह पारंपरिक एक दिवसीय यात्रा प्रत्येक वर्ष गुरु पूर्णिमा के बाद आने वाले पहले मंगलवार को आयोजित की जाती है और कोली समाज की आस्था का प्रमुख धार्मिक आयोजन मानी जाती है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्थाओं के लिए मुंबई पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त किया गया था। प्रशासन की ओर से यातायात, भीड़ प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments