
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए अटल सेतु पर टोल दर को अगले एक साल तक बढ़ाने पर रोक लगाने की घोषणा की है। राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया कि अटल बिहारी वाजपेयी शिवड़ी-न्हावा शेवा अटल सेतु के टोल टैक्स को 250 रुपये की दर पर एक और वर्ष तक जारी रखा जाएगा। इससे पहले, ४ जनवरी २०२४ को हुई मंत्रीमंडल की बैठक में, मुंबई महानगर विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) द्वारा प्रस्तावित दर पर ५० प्रतिशत छूट देने का निर्णय लिया गया था, जिसमें न्यूनतम २५० रुपये का टोल लिया जाएगा। इस दर का एक वर्ष बाद पुन: आकलन करने का निर्णय भी लिया गया था। आज की बैठक में, ३१ दिसंबर २०२५ तक वर्तमान छूट दर पर टोल शुल्क लेने की मंजूरी दी गई है, जिसके परिणामस्वरूप सेतु का उपयोग करने वाले वाहन चालकों को और भी अधिक सुविधाएं मिलेंगी। लगभग २२ किलोमीटर लंबाई वाला अटलबिहारी वाजपेयी शिवडी-न्हावाशेवा अटल सेतु प्रकल्प १३ जनवरी २०२४ से सार्वजनिक परिवहन के लिए खोला गया है। इस सेतु से मुंबई और न्हावाशेवा के बीच की दूरी कम करने में मदद मिलेगी, जिससे यात्रा अधिक सुगम होगी। इस निर्णय से नागरिकों को परिवहन सेवाएं बेहतर बनाने में मदद मिलेगी, और नगर विकास पर इसके सकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशा जताई गई है। लगभग 17,840 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित “अटल बिहारी वाजपेयी शिवड़ी-न्हावा शेवा अटल सेतु” भारत का सबसे लंबा पुल और देश में समुद्र पर बनी सबसे लंबी संरचना है, इसलिए पुल क्षेत्र में यात्रा समय को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान देता है.




