
झांसी, उत्तर प्रदेश। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के बैंकिंग, इकोनॉमिक्स एवं फाइनेंस विभाग में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं उन्हें विश्वविद्यालयी शिक्षा प्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बी.कॉम., बी.कॉम. (BFSI) तथा बी.ए. इकोनॉमिक्स एंड ई-बिजनेस प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. शंभू नाथ सिंह ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि स्कूली शिक्षा से विश्वविद्यालयी शिक्षा की यात्रा केवल कक्षा बदलने का नहीं, बल्कि नए अवसरों, व्यापक सोच, दृष्टिकोण और जिम्मेदारियों के विस्तार का आरंभ है। उन्होंने विद्यार्थियों को विभाग की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक गतिविधियों, मिशन एवं विजन की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्हें अनुशासन, निरंतर अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। डॉ. शंभू नाथ सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय जीवन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण चरण होता है। यदि विद्यार्थी अपनी पढ़ाई के साथ-साथ शोध, नवाचार और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं, तो वे अपने करियर में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर डॉ. ज्योति कुमारी मिश्रा, बी.कॉम. कोऑर्डिनेटर डॉ. शिल्पा मिश्रा, डॉ. फुरकान मलिक तथा डॉ. गजाला अहमद ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने, समय प्रबंधन और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। कार्यक्रम में डॉ. राधिका चौधरी, डॉ. अतुल गोयल सहित विभाग के अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे। इंडक्शन प्रोग्राम के माध्यम से विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विभागीय गतिविधियों, उपलब्ध सुविधाओं और भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया गया तथा उनकी नई शैक्षणिक यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

