
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी उन्नाव ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर बैठक आयोजित की। बैठक को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष हनुमंत सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है। हनुमंत सिंह ने कहा कि खरीफ फसल की बुवाई के समय किसानों को सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक और बीज उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कृषि कार्य में उपयोग होने वाले ट्यूबवेलों पर लगे बिजली मीटर तेज गति से चल रहे हैं, जिससे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। बैठक के बाद जिला उपाध्यक्ष हनुमंत सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। कार्यकर्ता “किसान विरोधी सरकार नहीं चलेगी” और “राहुल गांधी जिंदाबाद” जैसे नारे लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। वहां कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में किसानों को समय पर उर्वरक और बीज उपलब्ध कराने, कृषि बिजली व्यवस्था में सुधार करने तथा किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई। प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण यादव, संगठन उपाध्यक्ष चंद्र प्रकाश शुक्ला, महामंत्री युसूफ फारुकी, खुर्रम, अजय गौतम, मणिकांत रावत, शहर अध्यक्ष फैज फारुकी, आशुतोष शर्मा, कमलेश तिवारी, पुत्तीलाल वर्मा, डॉ. सरफराज गांधी, कन्हई कुरील, सूरज कुमार रावत, तन्मय श्रीवास्तव, गया प्रसाद, कफनधारी, आशुतोष सैनी, राम भरोसे, रज्जन सोनी, संजीव कुमार शुक्ला सहित जिला कार्यकारिणी के लगभग 50 पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





