HomeArchitectureBreakingजिलाधिकारी ने स्वयं बालिकाओं को दवा खिलाकर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का...

जिलाधिकारी ने स्वयं बालिकाओं को दवा खिलाकर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का किया शुभारंभ

देवेश प्रताप सिंह राठौर/ झांसी, उत्तर प्रदेश। झांसी जनपद में कोई भी बच्चा एल्बेंडाजोल की दवा खाने से वंचित न रहे, इसे सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी गौरांग राठी ने न्यू ईरा पब्लिक स्कूल में बालिकाओं को स्वयं एल्बेंडाजोल की दवा खिलाकर किया। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को दवा खिलाई जाएगी और जनपद में 10 लाख से अधिक बच्चों को आच्छादित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों को दवा स्कूल में ही खिलाई जाए और अभिभावकों को दवा देकर घर न भेजा जाए। जिलाधिकारी ने बालिकाओं से संवाद करते हुए उन्हें कृमि संक्रमण से बचाव के लिए स्वयं दवा लेने तथा अन्य बच्चों को भी इसके लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने बताया कि एल्बेंडाजोल के सेवन से पेट के कीड़ों से बचाव में मदद मिलती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घुमंतु परिवारों, क्रेशर एवं कंस्ट्रक्शन साइट पर रहने वाले परिवारों के बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाए और मोबाइल टीमों के माध्यम से उन्हें भी दवा खिलाना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान में शत-प्रतिशत बच्चों को दवा खिलाई जानी चाहिए और माइक्रो प्लान के अनुसार कार्य किया जाए। जिन क्षेत्रों में कम बच्चों को दवा खिलाई गई है, वहां विशेष फोकस करते हुए संबंधित एमओआईसी स्वयं अभियान की निगरानी करें। उन्होंने सभी सरकारी, निजी स्कूलों, कॉलेजों और मदरसों में दवा खिलाए जाने का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आईसीएसई, आईएससी, सीबीएसई एवं यूपी बोर्ड से संबद्ध निजी स्कूल यदि बच्चों को दवा खिलाने में आनाकानी करते हैं तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। अभियान में छूटे बच्चों को 14 अगस्त 2026 को मॉप-अप राउंड के दौरान दवा खिलाई जाएगी। आयु के अनुसार दवा की खुराक निर्धारित करते हुए 1 से 2 वर्ष के बच्चों को आधी गोली, 2 से 3 वर्ष के बच्चों को पूरी गोली पीसकर तथा 3 से 19 वर्ष तक के बच्चों को पूरी गोली चबाकर खिलाने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी सीएचसी, पीएचसी, उपकेंद्रों और डिस्पेंसरी में स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। कार्यक्रम से पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंदम घोष एवं प्रबंधक शुभेंदु घोष ने जिलाधिकारी सहित अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन प्रिया अमरया एवं आन्या श्रीवास्तव ने किया, जबकि विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी, नोडल अधिकारी डॉ. रमाकांत सोनी, डीआईओएस रती वर्मा, डिप्टी सीएमओ डॉ. आशीष अग्निहोत्री, डॉ. उत्सव राज, डॉ. विजय श्री शुक्ला, अनुराधा राजपूत, रत्नेश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में छात्राएं एवं विद्यालय-स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments