
बालाघाट, मध्य प्रदेश। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में सांसद भारती पारधी, पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन, विधायक गौरव सिंह पारधी, विधायक राजकुमार कर्राहे सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को साकार किया : प्रहलाद सिंह पटेल
मुख्य वक्ता प्रहलाद सिंह पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी हो या पड़ोसी देशों में आई प्राकृतिक आपदाएं, भारत ने हमेशा “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना के साथ मानवता की सेवा की है। उन्होंने कहा कि श्रीलंका, बांग्लादेश, म्यांमार और नेपाल जैसे देशों की संकट के समय की गई सहायता भारत की वैश्विक जिम्मेदारी और मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि आज का युवा तकनीकी रूप से जागरूक है और देश विरोधी ताकतों के दुष्प्रचार को समझने में सक्षम है। पटेल ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी को समर्पण, अनुशासन और कर्मठता के साथ कार्य करना होगा।
जनकल्याण की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान
कटंगी विधायक गौरव सिंह पारधी ने कहा कि मोदी सरकार के पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, विश्वास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के भविष्य को सशक्त बनाने का जनआंदोलन है।
देश ने विकास और जनकल्याण की नई गाथा लिखी : भारती पारधी
सांसद भारती पारधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सर्वांगीण विकास और सुशासन की नई इबारत लिखी है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की अवधारणा को धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचा है और बालाघाट जिले में भी विकास कार्यों को नई गति मिली है। सांसद ने सम्मेलन की सफलता के लिए सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
बड़ी संख्या में शामिल हुए कार्यकर्ता और नागरिक
सम्मेलन में नगर पालिका अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संजय मिश्रा ने किया। सम्मेलन के माध्यम से केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।



