
सुनील चिंचोलकर
भाटापारा (जिला बलौदाबाजार)। भारतीय मजदूर संघ के 72वें स्थापना दिवस के अवसर पर भाटापारा परिवहन चालक-परिचालक संघ, जिला बलौदाबाजार द्वारा महतारी चौक, भाटापारा में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ की अखिल भारतीय उपाध्यक्ष एवं भारतीय मजदूर संघ की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गीता सोनी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान विश्वकर्मा, भारत माता एवं भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक परम पूज्य दत्तोपंत बापूराव ठेंगड़ी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद भारतीय मजदूर संघ का ध्वजारोहण किया गया। भारतीय मजदूर संघ का गीत, “भारत माता की जय” एवं संगठन के गगनभेदी नारों से महतारी चौक राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक उत्साह से गूंज उठा। मुख्य अतिथि गीता सोनी ने अपने संबोधन में भारतीय मजदूर संघ की स्थापना, उद्देश्य एवं विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 23 जुलाई 1955 को परम पूज्य दत्तोपंत बापूराव ठेंगड़ी ने “राष्ट्रहित, उद्योगहित एवं श्रमिक हित” के मूल मंत्र के साथ भारतीय मजदूर संघ की स्थापना की थी। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ आज देश का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन है तथा सभी चालक-परिचालकों से ईमानदारी, अनुशासन और सेवा-भाव के साथ कार्य करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान ईमानदारी की मिसाल पेश करने वाले ऑटो चालक सुरेश को एक यात्री के लगभग ₹50,000 नगद एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित लौटाने पर शॉल, गमछा, पुष्पमाला एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही समाज के 9 वरिष्ठ नागरिकों का भी सम्मान किया गया। मुख्य अतिथियों का शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया।
अपने संबोधन में पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने भाटापारा परिवहन चालक-परिचालक संघ के लिए भवन निर्माण कराने की घोषणा की। साथ ही ऑटो चालकों की ई-चार्जिंग पॉइंट की मांग को पूरा कराने हेतु सकारात्मक पहल का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष विनोद जेंडरे ने की। आयोजन की संपूर्ण तैयारियाँ पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश के नेतृत्व में संपन्न हुईं। कार्यक्रम को सफल बनाने में महासचिव गोविंद मनहरे, संरक्षक शिव साहू, उपाध्यक्ष बल्लू पाल सहित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम में लगभग 80 ऑटो चालक, गणमान्य नागरिकों सहित करीब 150 लोग उपस्थित रहे। अंत में प्रसाद वितरण किया गया तथा “भारत माता की जय”, “भारतीय मजदूर संघ अमर रहे” और “वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ समारोह का समापन हुआ।

