Homeमहाराष्ट्रटाटा स्ट्राइव से महाराष्ट्र के युवाओं को नई उड़ान: 14 हजार से...

टाटा स्ट्राइव से महाराष्ट्र के युवाओं को नई उड़ान: 14 हजार से अधिक युवाओं को मिला कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और उद्यमिता पर दिया विशेष जोर

मुंबई। महाराष्ट्र में युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल, उद्यमिता और नवाचार से जोड़ने के लिए टाटा कम्युनिटी इनिशिएटिव्स ट्रस्ट की पहल टाटा स्ट्राइव लगातार विस्तार कर रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विश्वास व्यक्त किया कि इन पहलों से राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा। शनिवार को मुख्यमंत्री ने बताया कि टाटा स्ट्राइव वर्ष 2015 से महाराष्ट्र में कार्यरत है। नवी मुंबई, पुणे, नागपुर और नासिक में संचालित प्रमुख कौशल विकास केंद्रों के माध्यम से अब तक 8 हजार से अधिक युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण दिया जा चुका है। नागपुर स्थित नए केंद्र का उद्घाटन 26 जुलाई 2026 को किया गया था। कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा की पहल पर संचालित इस कार्यक्रम के तहत सहयोगी केंद्रों के माध्यम से भी 6 हजार से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। ठाणे में एयर कंडीशनिंग, पुणे और सांगली के भिलवडी में ऑटोमोबाइल तथा तलोजा और नागपुर में बहु-कौशल प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।
आईटीआई में लागू हुआ ‘ड्युअल वीईटी’ कार्यक्रम
टाटा स्ट्राइव ने सीमेंस के सहयोग से राज्य के 270 सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में ड्युअल वीईटी (Vocational Education and Training) कार्यक्रम लागू किया है। इसके तहत 600 से अधिक प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया है, जबकि 35 हजार से अधिक प्रशिक्षणार्थियों को उद्योगों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ है। प्रशिक्षणार्थियों को प्रथम और द्वितीय वर्ष में ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग भी उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं बजाज ऑटो लिमिटेड के सहयोग से छत्रपति संभाजीनगर जिले के 18 आईटीआई में टोटल प्रोडक्टिव मेंटेनेंस आधारित प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है। बजाज के ऑनलाइन लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से यह पहल अब राज्य के 900 से अधिक आईटीआई तक पहुंच चुकी है, जहां 80 हजार से अधिक प्रशिक्षणार्थियों का पंजीकरण हो चुका है।
डिजिटल कौशल और उद्यमिता को बढ़ावा
टाटा स्ट्राइव ने राज्य में 1,800 से अधिक लोगों को उद्यमिता का प्रशिक्षण दिया है तथा व्यवसाय शुरू करने के लिए वित्तीय और मार्गदर्शन संबंधी सहायता भी उपलब्ध कराई है। इस पहल में सह्याद्री फार्म्स, टाटा कैपिटल, टाटा कम्युनिकेशंस, सिडबी, ओरिजिनल कॉम्पोसिट कंपनी और महाराष्ट्र राज्य कौशल विकास सोसायटी सहयोग कर रहे हैं। माइक्रोसॉफ्ट, गूगल और अमेजन के सहयोग से संचालित डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रमों के तहत 4 हजार से अधिक युवाओं को साइबर सिक्योरिटी, आईटी सिस्टम्स, डिजिटल मार्केटिंग, यूएक्स डिजाइन और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसे आधुनिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया गया है।
महाराष्ट्र सरकार के साथ व्यापक साझेदारी
महाराष्ट्र सरकार के कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग और टाटा कम्युनिटी इनिशिएटिव्स ट्रस्ट के बीच 15 जुलाई 2022 को हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत रोजगारोन्मुखी कौशल प्रशिक्षण, उद्यमिता विकास, सरकारी आईटीआई की क्षमता बढ़ाने, प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण और ड्युअल वीईटी कार्यक्रम के विस्तार पर संयुक्त रूप से कार्य किया जा रहा है।
स्वयं सहायता समूहों और कॉलेजों पर भी फोकस
प्रोजेक्ट सक्षम के तहत टाटा स्ट्राइव पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका के सहयोग से 5 हजार स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है। इसके अंतर्गत प्रशिक्षण, आजीविका मॉडल विकसित करना और बाजार से जोड़ने जैसी गतिविधियां शामिल हैं। अब तक लगभग 10 हजार स्वयं सहायता समूहों का सर्वेक्षण किया जा चुका है, जिनमें से 5 हजार से अधिक सक्रिय समूहों को प्रशिक्षण एवं सहायता दी जा रही है। इसके अलावा संस्था ने राज्य के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल आधारित पाठ्यक्रम विकसित करने तथा अनुभवी प्रशिक्षकों और उद्योग विशेषज्ञों के माध्यम से प्रशिक्षण देने की भी इच्छा व्यक्त की है। कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग की अपर मुख्य सचिव मनीषा वर्मा ने कहा कि युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने, ऑन-द-जॉब प्रशिक्षण को मजबूत करने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए टाटा स्ट्राइव के साथ सहयोग को भविष्य में और अधिक व्यापक बनाया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments