Homeउत्तर प्रदेश'डांस सेंसेशन-2026' में प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का रंग, विजेताओं का हुआ...

‘डांस सेंसेशन-2026’ में प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का रंग, विजेताओं का हुआ सम्मान

झांसी, उत्तर प्रदेश। एस.वी.एन.एंटरटेनमेंट एवं संघर्ष सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय संग्रहालय सभागार में आयोजित “डांस सेंसेशन-2026” प्रतिभा, संस्कृति और कला का अनुपम संगम बन गया। प्रतियोगिता में बुंदेलखंड के विभिन्न जनपदों से आए लगभग 80 प्रतिभागियों ने शास्त्रीय एवं बॉलीवुड नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट और प्रतिभागियों के उत्साह से गूंजता रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. संदीप सरावगी ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों और युवाओं की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और रचनात्मक सोच का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में कला और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ऐसे आयोजनों का निरंतर होना आवश्यक है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. प्रिया दीक्षित ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना समाज का दायित्व है और ऐसे मंच उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला बनते हैं। प्रतियोगिता का मूल्यांकन सलोनी झा, डी.के. सिंह एवं रिमो ने निर्णायक के रूप में किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन संयोजक डॉ. पुनीत श्रीवास्तव ने किया, जबकि अंत में मेघा सोनी ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में मेघा सोनी, सौरभ सिंह, सरस्वती, अंकित खरे, दीक्षा, संदीपिका, सेजल, अनु, कविता, अमन, पियूष एवं विक्की सहित अनेक सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा। प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा करते हुए निर्णायक मंडल ने बताया कि शास्त्रीय नृत्य (जूनियर वर्ग) में लावण्या साहू एवं पार्थवी अग्रवाल संयुक्त रूप से प्रथम, वेदिका तिवारी एवं अक्षिता तिवारी संयुक्त रूप से द्वितीय तथा शांभवी नामदेव एवं प्राणिका संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं। शास्त्रीय नृत्य (सीनियर वर्ग) में अमित राजपूत प्रथम, भूमि राय एवं आयुषी जैन संयुक्त रूप से द्वितीय तथा झलक अग्रवाल तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं बॉलीवुड नृत्य (जूनियर वर्ग) में अवनी ने प्रथम, नव्या ने द्वितीय तथा उन्नति कुशवाहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बॉलीवुड नृत्य (सीनियर वर्ग) में श्रुति श्रीवास्तव प्रथम, समीक्षा द्वितीय तथा मिशिका जैन तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम ने यह सिद्ध कर दिया कि प्रतिभा को यदि उचित मंच और प्रोत्साहन मिले तो वह न केवल स्वयं को स्थापित करती है, बल्कि समाज की सांस्कृतिक धरोहर को भी समृद्ध बनाती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments