
दिनेश चंद्र रावल/ठाणे। ठाणे रूरल पुलिस फोर्स की महिला पुलिस अधिकारी शीतल मल्लिकार्जुन खराटमल ने अपने पक्के इरादे, कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। उन्होंने बैंकॉक में आयोजित एशियन सूमो रेसलिंग चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतकर न केवल ठाणे जिले बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है।इस उपलब्धि के साथ शीतल मल्लिकार्जुन खराटमल ने वर्ल्ड रैंकिंग में पांचवां स्थान हासिल किया है। साथ ही उनका चयन वर्ष 2026 में किर्गिस्तान में होने वाले प्रतिष्ठित ‘वर्ल्ड कॉम्बैट गेम्स’ और ‘वर्ल्ड नोमैड गेम्स’ के लिए भी हुआ है।शीतल खराटमल जूडो और मार्शल आर्ट्स की एक अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं और अब तक करीब 30 बार भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उनके शानदार करियर में 72 गोल्ड, 47 सिल्वर और 17 ब्रॉन्ज़ मेडल शामिल हैं, जो उनकी निरंतर मेहनत और समर्पण का प्रमाण है।उन्होंने दिसंबर 2025 में मॉस्को में आयोजित कॉमनवेल्थ कप और 2023 में टोक्यो में आयोजित एशियन गेम्स में भी ब्रॉन्ज़ मेडल जीतकर देश का तिरंगा ऊंचा किया था।गौरतलब है कि शीतल मल्लिकार्जुन खराटमल वर्ष 2009 में स्पोर्ट्स कोटे के तहत ठाणे रूरल पुलिस फोर्स में शामिल हुई थीं। उनकी यह उपलब्धि न केवल पुलिस विभाग बल्कि पूरे महाराष्ट्र के लिए गर्व का विषय है और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है।




