
मुंबई। महाराष्ट्र के पर्यटन स्थलों को देश-विदेश में व्यापक पहचान दिलाने के लिए पर्यटन विभाग द्वारा एक समग्र ‘ब्रांडिंग और मार्केटिंग प्लान’ तैयार किया गया है। इस योजना के माध्यम से राज्य का पर्यटन वैश्विक स्तर पर स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। यह जानकारी पर्यटन मंत्री शंभूराज देसाई ने दी। बुधवार को सह्याद्री अतिथिगृह में आयोजित पर्यटन विभाग की मीडिया योजना संबंधी बैठक में मंत्री देसाई ने इस योजना को और अधिक व्यापक और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव संजय खंदारे, पर्यटन संचालनालय के निदेशक डॉ. बी. एन. पाटील, महाराष्ट्र पर्यटन विकास महामंडल के प्रबंध निदेशक निलेश गटणे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।मंत्री देसाई ने कहा कि राज्य के ऐतिहासिक स्थल, किले, समुद्र तट, धार्मिक स्थान, वन क्षेत्र, स्वास्थ्य पर्यटन, मौसमी पर्यटन, खाद्य संस्कृति और लोक संस्कृति जैसे सभी पहलुओं को इस ब्रांडिंग योजना में शामिल किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि इन स्थलों की जानकारी आधुनिक डिजिटल माध्यमों, समाचार पत्रों और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए, जिससे पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो सके।उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए पर्यटन विभाग द्वारा तैयार इस व्यापक योजना को अंतरराष्ट्रीय, अंतरराज्यीय और राज्य स्तर पर प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। साथ ही, आगामी वर्षों के लिए भी इसी प्रकार की रणनीतिक योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि महाराष्ट्र को एक प्रमुख वैश्विक पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित किया जा सके।




