HomeCrimeऑर्केस्ट्रा बार की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, महिला...

ऑर्केस्ट्रा बार की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, महिला एजेंट गिरफ्तार

एमबीवीवी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 युवतियां रेस्क्यू

इंद्र यादव/मुंबई। ठाणे जिले के मीरा-भायंदर, वसई-विरार (एमबीवीवी) पुलिस आयुक्तालय अंतर्गत नयानगर पुलिस स्टेशन की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑर्केस्ट्रा बार और डांस क्लबों की आड़ में चल रहे देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक महिला एजेंट (दलाल) को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन पीड़ित युवतियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, जोन-1 के पुलिस उपायुक्त राहुल चव्हाण (आईपीएस) को सूचना मिली थी कि मीरा रोड पूर्व स्थित दीपक हॉस्पिटल के सामने, पयाडे होटल के पास एक महिला एजेंट मुंबई के ऑर्केस्ट्रा बार और डांस क्लबों में काम करने वाली लड़कियों की तस्वीरें ग्राहकों को भेजकर देह व्यापार का धंधा चला रही है। सूचना थी कि आरोपी महिला लड़कियों की सप्लाई के लिए वहां आने वाली है।
बोगस ग्राहक बनाकर की गई कार्रवाई
सूचना के आधार पर नयानगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अमर जगदाळे और उनकी टीम ने जाल बिछाया। पुलिस ने एक बोगस ग्राहक और पंचों को मौके पर भेजा। जैसे ही सौदा तय हुआ और महिला एजेंट वहां पहुंची, पुलिस टीम ने छापा मारकर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान तीन युवतियों को रेस्क्यू किया गया।
दो साल से चला रही थी अवैध कारोबार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार महिला पिछले दो वर्षों से मुंबई, वसई-विरार और मीरा-भायंदर क्षेत्र में यह अवैध कारोबार चला रही थी। वह ऑर्केस्ट्रा बार और डांस क्लबों में काम करने वाली लड़कियों की तस्वीरें व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों से ग्राहकों को भेजती थी और मोटी रकम लेकर उनकी सप्लाई करती थी।
कड़ी धाराओं में मामला दर्ज
नयानगर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143(3) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम (PITA Act) की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है। रेस्क्यू की गई युवतियों को सुरक्षित महिला सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया जारी है।
सहयोगियों और होटलों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस रैकेट से जुड़े अन्य सहयोगियों और पार्टनरों की तलाश में जुटी है। साथ ही उन लॉजिंग और होटलों की भी जांच की जा रही है, जहां ग्राहकों को लड़कियां भेजी जाती थीं। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अब तक कितनी युवतियों को इस गिरोह के जरिए इस अवैध धंधे में धकेला गया।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
यह कार्रवाई एमबीवीवी पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारियों और जोन-1 के डीसीपी राहुल चव्हाण के मार्गदर्शन में की गई। ऑपरेशन में नयानगर थाना के वरिष्ठ पीआई अमर जगदाळे, एपीआई सुधीर थोरात, पीएसआई समाधान केंगार, अख्तर शेख, हेड कांस्टेबल योगेश घुगे, महेश खांमगळ और डीसीपी ऑफिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments