
भूपेंद्र सिंह/उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उन्नाव जनपद में नए शैक्षणिक सत्र के तहत ‘स्कूल चलो अभियान’ के प्रथम चरण की शुरुआत 1 अप्रैल से हो चुकी है। इसी क्रम में सिकंदरपुर कर्ण ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय कटरी पीपरखेड़ा (कंपोजिट) में शिक्षकों और अभिभावकों के साथ जागरूकता रैली निकाली गई। साथ ही विद्यालय में वर्षभर की उपलब्धियों के उत्सव के रूप में ‘उड़ान वार्षिकोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अनूप कुमार मिश्रा (सब इंस्पेक्टर एवं पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी), ग्राम प्रधान अनिल कुमार और एसएमसी अध्यक्ष विनोद कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया। कक्षा 7 की छात्रा रितिका ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जबकि सरोजिनी और राधिका ने रोली टीका लगाकर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में नन्हे बच्चों ने “टन-टन-टन घंटी बजी, स्कूल तुमको पुकारे” गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा 4 के छात्र गगन ने संस्कृत में गणेश वंदना सुनाई, जबकि नन्हीं सरोजिनी ने दोहे का वाचन किया। कक्षा 8 की छात्रा पुष्पा ने विद्यालय की विशेषताओं को अंग्रेजी में प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया। विद्यालय की शिक्षिका डॉ. रचना सिंह ने जानकारी दी कि कक्षा 8 की छात्राएं पुष्पा, पायल और अंशिका राष्ट्रीय आविष्कार अभियान प्रतियोगिता की विजेता रही हैं। साथ ही पुष्पा ने राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण कर चार वर्षों तक प्रतिमाह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्राप्त करने का गौरव हासिल किया है। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 1 से 8 तक प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को मेडल और कैप पहनाकर सम्मानित किया गया। कक्षा 3 के बच्चों ने “मत काटो मुझे” प्रस्तुति के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, जबकि कक्षा 8 के छात्रों ने “कभी अलविदा न कहना” प्रस्तुति से भावुक माहौल बना दिया। सम्मान समारोह में ऑलराउंडर पुरस्कार पायल को, ‘डायमंड ऑफ स्कूल’ पुरस्कार पुष्पा को, ‘बेस्ट परफॉर्मर’ सविता को और ‘मोस्ट डिसिप्लिन्ड’ पुरस्कार अंशराम को दिया गया। वहीं ‘सुपर मॉम’ का अवॉर्ड गुड़िया, राधा, रेखा और सुशीला को प्रदान किया गया तथा बच्चों को नियमित विद्यालय पहुंचाने के लिए लालता को ‘बेस्ट दादा जी’ के रूप में सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि अनूप कुमार मिश्रा ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अभिभावकों से विद्यालय को सहयोग देने की अपील की। ग्राम प्रधान और विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने भी विद्यालय स्टाफ के कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर इंचार्ज शिक्षिका किरन अग्निहोत्री, सहायक शिक्षिकाएं रेखा सिंह, शोभना मिश्रा, अंकिता अवस्थी, अगम सिंह भदौरिया, अनीता निषाद, कहकशां खातून और शिक्षक रवि द्विवेदी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।




