
प्रयागराज (उत्तर प्रदेश)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने घोषणा की है कि वह 8 अगस्त को प्रयागराज पहुंचकर छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रयागराज वह शहर है जहां बड़ी संख्या में युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं और रोजगार तथा भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़े मुद्दे यहां के युवाओं के लिए सबसे अहम हैं।राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि छात्रों की मेहनत में कोई कमी नहीं है, बल्कि समस्या उस व्यवस्था की है जो उनकी मेहनत का उचित परिणाम नहीं देती। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक, लंबित भर्तियां, वर्षों का इंतजार और जवाबदेही का अभाव युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने कहा कि कोटा, देहरादून और दिल्ली में छात्रों ने अपनी आवाज़ उठाई, लेकिन सवाल पूछने पर उनके साथ सख्ती की गई। राहुल गांधी ने दावा किया कि जब छात्र एकजुट होकर आवाज़ उठाते हैं तो सरकार को झुकना पड़ता है।राहुल गांधी ने छात्रों और युवाओं से 8 अगस्त को शाम 5 बजे प्रयागराज के के.पी. ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह युवाओं की आवाज़ बुलंद करने का अवसर होगा।उन्होंने अपने संदेश के अंत में #ChhatronKiGoonj हैशटैग का भी उपयोग किया।

