
मुंबई। पर्यावरण संरक्षण को लेकर संकल्पबद्ध भूमिका निभाते हुए महाराष्ट्र की पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री पंकजा मुंडे ने आज पवई झील की सफाई एवं संवर्धन अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने सभी नागरिकों से “वसुंधरा के संरक्षण” हेतु मिलकर काम करने का आह्वान किया। यह आयोजन विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर मुंबई के गणेश घाट, पवई में किया गया था। इसमें महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल, बृहन्मुंबई महानगरपालिका और कई पर्यावरण संगठन सक्रिय रूप से शामिल रहे। कार्यक्रम में मंत्री पंकजा मुंडे ने कहा, पर्यावरण संरक्षण सिर्फ कर्तव्य नहीं, बल्कि अधिकार भी है। जैसे हम नवरात्रि में देवी की पूजा करते हैं, वैसे ही वसुंधरा की आराधना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जलयुक्त शिवार योजना जैसी पहलों की तरह, अब निसर्ग संरक्षण के लिए जनभागीदारी आधारित आंदोलन खड़ा किया जाएगा। इस मौके पर राज्य के फूल ‘ताम्हण’ के पौधे का वृक्षारोपण भी किया गया। इस पहल को राज्य स्तर पर 22 अप्रैल से 1 मई तक चलाया जाएगा और इसे नाम दिया गया है। ‘पर्यावरण बचाओ, वसुंधरा सजाओ’। मंत्री पंकजा मुंडे ने बताया कि इस अभियान के तहत ग्रामपंचायत से लेकर महानगरपालिका स्तर तक पर्यावरण संवर्धन गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इन 9 दिनों के अभियान में नागरिकों को पंचमहाभूत भूमि, जल, वायु, अग्नि और आकाश में से किसी एक के संरक्षण की दिशा में कार्य करने का संकल्प दिलाया जाएगा। महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अध्यक्ष सिद्धेश कदम ने कहा कि युवाओं को प्रकृति संरक्षण में जोड़ने के लिए राज्यभर में संवाद सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं, विधायक दिलीप लांडे ने पवई झील सफाई अभियान को सराहनीय कदम बताया। डॉ. अविनाश ढाकणे, सदस्य सचिव, महाराष्ट्र प्रदूषण मंडल ने कहा कि यह आयोजन पर्यावरण प्रेमी संगठनों की पहल का परिणाम है और इससे पर्यावरण आंदोलन को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में वनशक्ती, निसर्ग संस्थान, हेल्पिंग हैंड्स, पर्यावरण दक्षता मंच, बुर्हानी फाउंडेशन, राष्ट्रीय सेवा योजना सहित कई संगठनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।




