
ठाणे। महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल (एमयूडीसी) ने ठाणे के वागले औद्योगिक क्षेत्र (वागले एस्टेट) में पहाड़ी और ढलान वाले क्षेत्रों के निकट रहने वाले नागरिकों के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है। लगातार हो रही बारिश और मानसून के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों की मिट्टी कमजोर होने के कारण भूस्खलन तथा चट्टानें गिरने का खतरा बढ़ गया है। एमयूडीसी द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना में कहा गया है कि भारी वर्षा के चलते पहाड़ी ढलानों की मिट्टी ढीली पड़ गई है, जिससे किसी भी समय पहाड़ का हिस्सा खिसक सकता है या चट्टानें गिर सकती हैं। ऐसी स्थिति में जनहानि और संपत्ति को गंभीर नुकसान पहुंचने की आशंका है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने और खतरनाक इलाकों को खाली करने की अपील की है। एमयूडीसी ने स्पष्ट किया है कि चेतावनी के बावजूद यदि कोई व्यक्ति वहां निवास करता है और किसी दुर्घटना में जान-माल का नुकसान होता है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी और महामंडल इसके लिए उत्तरदायी नहीं होगा। यह चेतावनी विशेष रूप से उन परिवारों और निवासियों के लिए जारी की गई है जो वागले एस्टेट के आसपास पहाड़ी ढलानों या संवेदनशील क्षेत्रों में रह रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जोखिम को गंभीरता से लें और किसी भी आपात स्थिति से बचने के लिए तत्काल सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट हो जाएं। मानसून के दौरान संभावित भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील कर रहा है।



