
मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा है कि स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक द्वारा पिछले सात वर्षों में महाराष्ट्र में जल सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार सृजन और जलवायु परिवर्तन से निपटने की दिशा में चलाए गए विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों से 8.3 लाख से अधिक नागरिक प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और निजी क्षेत्र के संयुक्त प्रयासों से विकास का लाभ समाज के वंचित वर्गों तक पहुंच रहा है तथा बैंक की पहलें राज्य के विकास लक्ष्यों को मजबूती प्रदान कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि महाराष्ट्र के 30 जिलों और राज्य के 75 प्रतिशत आकांक्षी जिलों में इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया है। लाभार्थियों में महिलाओं की भागीदारी 52 प्रतिशत से अधिक रही है तथा जल संरक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं और आजीविका संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया गया है। जल सुरक्षा कार्यक्रम के तहत 1.06 अरब लीटर मीठे पानी के भंडारण की क्षमता विकसित की गई है और सूखा प्रभावित क्षेत्रों में 45 वाटर एटीएम स्थापित किए गए हैं। मराठवाड़ा और विदर्भ सहित 271 गांवों में जल सुरक्षा को मजबूत किया गया है। इसके अलावा 8 हजार से अधिक किसानों को जल संरक्षण और जलवायु-अनुकूल कृषि तकनीकों के लिए सहायता दी गई है, जबकि जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने के लिए 7 लाख वृक्ष लगाए गए हैं। रोजगार एवं कौशल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत 6,598 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया, जिनमें से 63 प्रतिशत को रोजगार प्राप्त हुआ है। इलेक्ट्रिक वाहन, ऑटोमोबाइल, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, इलेक्ट्रॉनिक्स, बैंकिंग और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। इस कार्यक्रम के 61 प्रतिशत लाभार्थी महिलाएं हैं, जबकि 758 महिला सूक्ष्म उद्यमियों को वित्तीय सहायता भी प्रदान की गई है। स्वास्थ्य क्षेत्र में बैंक की ‘सीइंग इज़ बिलीविंग’ पहल के तहत 4.39 लाख से अधिक नागरिकों की नेत्र जांच की गई और 38,625 नेत्र शल्यक्रियाएं कराई गईं। राज्यभर में स्थापित 49 दृष्टि केंद्र अब आत्मनिर्भर रूप से संचालित हो रहे हैं और प्रतिवर्ष लगभग 1.6 करोड़ रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं। इन केंद्रों का संचालन जिला अंधत्व नियंत्रण संस्था और आयुष्मान भारत जैसी सरकारी योजनाओं के सहयोग से किया जा रहा है। स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक, भारत की सस्टेनेबिलिटी प्रमुख करुणा भाटिया ने कहा कि बैंक वंचित और उपेक्षित समुदायों के जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है और महाराष्ट्र में जल सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार के क्षेत्र में संचालित पहलें उसकी सामाजिक प्रतिबद्धता का उदाहरण हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि इन पहलों ने लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है और सतत विकास, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक समावेशन को नई गति प्रदान की है।



