
एक ही छत के नीचे मिल रहीं 28 सरकारी सेवाएं, 2 अगस्त तक मुंबई शहर के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चलेगा अभियान
मुंबई। नागरिकों को सरकारी सेवाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिल सके, इस उद्देश्य से मुंबई शहर जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से 183-शिवडी विधानसभा क्षेत्र में ‘छत्रपति शिवाजी महाराज महसूल समाधान शिविर अभियान’ का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय मजदूर संघ के महात्मा गांधी सभागृह में आयोजित शिविर में प्रतीकात्मक रूप से 123 लाभार्थियों को विभिन्न प्रमाणपत्र वितरित किए गए। राजस्व विभाग को अधिक जनोन्मुखी, पारदर्शी और गतिशील बनाने तथा सरकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन और पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार की जयंती के अवसर पर 22 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक मुंबई शहर जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में महसूल समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का शुभकामना संदेश भी प्रसारित किया गया।
‘शासन आपल्या दारी’ के बाद अब महसूल समाधान शिविर
विधायक एवं महाराजस्व समिति की सदस्य डॉ. मनीषा कायंदे ने कहा कि ‘शासन आपल्या दारी’ उपक्रम के बाद अब महसूल समाधान शिविर के माध्यम से सरकारी सेवाएं अधिक प्रभावी तरीके से नागरिकों तक पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने अभियान का व्यापक प्रचार करने और अधिक से अधिक नागरिकों से इसका लाभ लेने की अपील की। विधायक अजय चौधरी ने इसे जरूरतमंद नागरिकों के दरवाजे तक सरकारी सेवाएं पहुंचाने वाला सराहनीय प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि सरकारी सुविधाओं और योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद नागरिकों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाना चाहिए।
एक ही स्थान पर 28 सरकारी सेवाएं
मुंबई शहर के उपजिलाधिकारी संजय पाटील ने बताया कि शिविर में राजस्व विभाग के साथ विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं नागरिकों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें राजस्व प्रमाणपत्र, आधार संबंधी सेवाएं, दिव्यांगों से जुड़ी सेवाएं, संजय गांधी निराधार योजना, राशन कार्ड संबंधी सेवाएं तथा बृहन्मुंबई महानगरपालिका की विभिन्न नागरिक सेवाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपने काम के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों में न जाना पड़े और जरूरी सेवाएं एक ही स्थान पर आसानी से मिल सकें, इसी उद्देश्य से राजस्व विभाग द्वारा ‘छत्रपति शिवाजी महाराज महसूल समाधान शिविर अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न सरकारी विभागों की कुल 28 सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं। उपजिलाधिकारी संजय पाटील ने नागरिकों से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास अधिकारी तृप्ती पवार, जान्हवी दमनकर, जितेंद्र सपकाळ, रेश्मा सपकाळ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो. दीपा शिंदे ने किया, जबकि तहसीलदार संदीप आवारी ने आभार व्यक्त किया।





