HomeReviewsभीषण गर्मी में ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे होमगार्ड और पीआरडी जवानों को...

भीषण गर्मी में ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे होमगार्ड और पीआरडी जवानों को मिली राहत, बांटे गए छाते और पानी की बोतलें

उन्नाव,उत्तर प्रदेश। भीषण गर्मी के बीच यातायात व्यवस्था संभाल रहे होमगार्ड और पीआरडी जवानों को राहत देने के लिए पुलिस विभाग ने सराहनीय पहल की है। एसपी कार्यालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात जवानों को छाते और पानी की बोतलें वितरित की गईं। इस अवसर पर अधिकारियों ने जवानों को गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने और अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने कहा कि जिले की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ होमगार्ड और पीआरडी जवान भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि तेज धूप और लगातार बढ़ते तापमान के बीच सड़क पर घंटों ड्यूटी करना बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य है। इसी को ध्यान में रखते हुए जवानों को छाते और पानी की बोतलें उपलब्ध कराई गई हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में जिले में लगभग 88 होमगार्ड और पीआरडी जवान ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात हैं। सभी जवानों को एक-एक छाता और पानी की बोतल वितरित की गई है। अधिकारियों के अनुसार छाते का उपयोग जवान गर्मी के साथ-साथ बरसात के मौसम में भी कर सकेंगे, जिससे प्रतिकूल मौसम में भी उनकी ड्यूटी प्रभावित नहीं होगी। अधिकारियों ने बताया कि विभाग अपने पुलिसकर्मियों के लिए समय-समय पर ऐसी सुविधाएं उपलब्ध कराता रहा है। ट्रैफिक कांस्टेबलों और अन्य पुलिस जवानों को पूर्व में आवश्यक सामग्री प्रदान की जा चुकी है, जबकि इस बार होमगार्ड और पीआरडी जवानों को प्राथमिकता दी गई है। आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में अन्य कर्मचारियों को भी इस प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान जवानों को सलाह दी गई कि वे ड्यूटी के समय नियमित रूप से छाते का उपयोग करें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। अधिकारियों ने कहा कि भीषण गर्मी में लंबे समय तक धूप में खड़े रहने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए सभी जवान अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें और आवश्यक सावधानियां बरतें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments