
मुंबई। मध्य रेल की एसी लोकल ट्रेनों को यात्रियों का जबरदस्त प्रतिसाद मिल रहा है। जनवरी से मई 2026 के बीच एसी लोकल सेवाओं से कुल 1.50 करोड़ यात्रियों ने सफर किया, जबकि प्रतिदिन औसतन 1.30 लाख यात्रियों ने इन ट्रेनों का उपयोग किया। यह आंकड़ा वर्ष 2025 की समान अवधि की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाता है। मध्य रेल द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 26 जनवरी से 20 मई 2026 के दौरान प्रति एसी लोकल सेवा औसतन 1664 यात्रियों ने यात्रा की, जबकि 2025 की समान अवधि में यह संख्या 1474 थी। इस तरह प्रति सेवा यात्रियों की औसत संख्या में 12.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए मध्य रेल ने एसी लोकल सेवाओं की संख्या में भी बड़ा विस्तार किया। 2026 की उक्त अवधि में कुल 8,991 एसी लोकल ट्रेनें चलाई गईं, जबकि 2025 में इसी अवधि के दौरान 6,834 ट्रेनें संचालित हुई थीं। यानी सेवाओं में 31.6 प्रतिशत की वृद्धि की गई।सेवाओं के विस्तार के साथ यात्रियों की संख्या में भी तेजी से इजाफा हुआ। प्रतिदिन औसतन यात्रियों की संख्या 2025 में 87,596 थी, जो 2026 में बढ़कर 1,30,075 हो गई। इसमें 48.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं कुल यात्री संख्या 2025 के 1 करोड़ से बढ़कर 2026 में 1.50 करोड़ तक पहुंच गई, जो 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।राजस्व के मामले में भी एसी लोकल ट्रेनों ने शानदार प्रदर्शन किया है। दैनिक औसत राजस्व 2025 में ₹38.50 लाख था, जो 2026 में बढ़कर ₹56 लाख हो गया। वहीं कुल राजस्व ₹44.27 करोड़ से बढ़कर ₹64.40 करोड़ तक पहुंच गया। मध्य रेल ने एसी लोकल सेवाओं का विस्तार करते हुए मई 2025 में सीएसएमटी-कल्याण/बदलापुर/टिटवाला मेन लाइन पर सेवाएं शुरू की थीं। इसके बाद 26 जनवरी 2026 से सीएसएमटी-पनवेल खंड पर भी एसी लोकल सेवाएं शुरू की गईं। मई 2026 में अतिरिक्त 14 सेवाएं जोड़ने के बाद अब मध्य रेल पर कुल 108 एसी लोकल सेवाएं संचालित हो रही हैं।रेलवे अधिकारियों के अनुसार मार्च और मई 2026 के दौरान यात्रियों की संख्या सबसे अधिक रही, जो इस बात का संकेत है कि मुंबई के उपनगरीय यात्रियों में सुरक्षित, तेज और आरामदायक यात्रा के लिए एसी लोकल ट्रेनों की मांग लगातार बढ़ रही है। मध्य रेल ने कहा कि यात्रियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया उपनगरीय नेटवर्क में बेहतर यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों की सफलता को दर्शाती है। रेलवे प्रशासन ने सभी यात्रियों से वैध टिकट लेकर निर्धारित डिब्बों में यात्रा करने की अपील भी की है।