
मुंबई। ऑपरेशन ब्लू स्टार पर राहुल गांधी की हालिया टिप्पणी को लेकर महाराष्ट्र के मंत्री और शिवसेना नेता प्रताप सरनाईक ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। सरनाईक ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में तमाम गलतियां हुई हैं और राहुल गांधी अगर हर गलती पर माफी मांगने लगेंगे तो उन्हें माफी मांगते-मांगते थक जाना पड़ेगा। उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत की उस टिप्पणी पर भी कटाक्ष किया जिसमें राउत ने राहुल गांधी को “ईमानदार और साफ दिल वाला नेता” बताया था। सरनाईक ने कहा, “शायद संजय राउत कांग्रेस से सांसद बनना चाहते हैं, इसलिए उन्होंने राहुल गांधी की तारीफ की है।
“राहुल को मोदी-शाह से कुछ सीखना चाहिए”
प्रताप सरनाईक ने कहा, “शायद संजय राउत से गलती से ऐसा बयान हो गया। उन्हें कहना चाहिए था कि राहुल गांधी को पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से कुछ सीखना चाहिए। जो फैसला 1984 में लिया गया था, वो स्वर्गीय इंदिरा गांधी और उनके सलाहकारों का था, न कि राहुल गांधी का। अब उस पर माफी मांगना बचकाना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर राहुल गांधी कांग्रेस की सभी ऐतिहासिक गलतियों पर माफी मांगने बैठ जाएं, तो “माफी” शब्द की ही व्याख्या बदल जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब सिखों का समर्थन पाने और पंजाब में कुछ लोगों को खुश करने के लिए किया जा रहा है।
संजय राउत ने की थी राहुल गांधी की प्रशंसा
बता दें कि शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने राहुल गांधी की सराहना करते हुए कहा था कि उन्होंने ऑपरेशन ब्लू स्टार को एक “राजनीतिक गलती” मानकर साहसिक कदम उठाया है। राउत ने कहा था, गलती मान लेना ही सच्चे नेता की पहचान है। मोदी और शाह को राहुल से यह सीखना चाहिए। सरनाईक के बयान से यह स्पष्ट है कि महाराष्ट्र में शिवसेना के दोनों गुटों के बीच कांग्रेस को लेकर मतभेद गहरे हैं।




