HomeReligionपुरी रथ यात्रा में भगदड़ जैसी स्थिति, दो श्रद्धालुओं की मौत, 150...

पुरी रथ यात्रा में भगदड़ जैसी स्थिति, दो श्रद्धालुओं की मौत, 150 से अधिक बीमार

पुरी। भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथ यात्रा के दौरान गुरुवार को ओडिशा के पुरी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। मरिचिकोट चौक के पास अचानक भीड़ बढ़ने से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें दम घुटने और भीड़ के दबाव के कारण दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। प्रशासन के अनुसार, दोनों को बेहोशी की हालत में पुरी जिला मुख्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे रथ यात्रा देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मरिचिकोट चौक पर जमा हो गए थे। भीड़ का दबाव बढ़ने से कई लोग संतुलन खो बैठे और अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई। रथ यात्रा के दौरान भीषण गर्मी, भीड़ और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण 150 से अधिक श्रद्धालुओं को पुरी जिला मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें सांस लेने में तकलीफ, चक्कर आने और थकावट की शिकायत वाले मरीज शामिल हैं। हादसे के बाद प्रशासन ने मरिचिकोट चौक और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग बढ़ाई गई है और श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने, अत्यधिक भीड़ वाले क्षेत्रों से बचने, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तुरंत निकटतम चिकित्सा केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments