
मुंबई। धुले शहर में बिजली आपूर्ति, नए विद्युत कनेक्शन और बिजली से जुड़े अन्य लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश ऊर्जा राज्यमंत्री मेघना साकोरे-बोर्डीकर ने दिए हैं। बुधवार को उनकी अध्यक्षता में मुंबई के निर्मल भवन स्थित एमएसआरडीसी कार्यालय में धुले शहर से जुड़े विभिन्न बिजली मामलों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में धुले शहर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनुप अग्रवाल उपस्थित रहे। इस दौरान शहर की बिजली आपूर्ति, नए विद्युत कनेक्शन, एचटी/एलटी लाइनों के स्थानांतरण, जलापूर्ति केंद्रों, औद्योगिक कनेक्शनों और महावितरण की कार्यालयीन इमारत से संबंधित मामलों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई।
मलशुद्धिकरण केंद्र को जल्द मिले बिजली कनेक्शन
ऊर्जा राज्यमंत्री साकोरे-बोर्डीकर ने अमृत अभियान के तहत भूमिगत सीवरेज योजना के अंतर्गत महादेव मंदिर परिसर में बनाए जा रहे 40 दलली क्षमता के मलशुद्धिकरण केंद्र के लिए आवश्यक बिजली कनेक्शन का काम तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली कनेक्शन का काम जल्द पूरा होने से इस महत्वपूर्ण स्वच्छता परियोजना को बिना देरी के शुरू किया जा सकेगा।
4,000 वर्गमीटर जमीन पर संयुक्त महावितरण कार्यालय का प्रस्ताव
धुले शहर के नागरिकों की सुविधा को देखते हुए उपलब्ध 4,000 वर्गमीटर भूमि पर महावितरण का संयुक्त और एकीकृत कार्यालय बनाने को लेकर भी बैठक में सकारात्मक चर्चा हुई। इसके साथ ही देवपुर क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाने, नए ट्रांसफॉर्मर लगाने और जलापूर्ति केंद्रों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश महावितरण को दिए गए।
बिजली तार और ट्रांसफॉर्मर सुरक्षित स्थानों पर होंगे स्थानांतरित
मुख्य आग्रा रोड सहित शहर के विभिन्न मार्गों पर मौजूद बिजली तारों और ट्रांसफॉर्मरों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने तथा सड़क सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया। राज्यमंत्री ने शहर में लंबित औद्योगिक बिजली कनेक्शनों को भी निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
महावितरण, महानगरपालिका और जीवन प्राधिकरण में समन्वय के निर्देश
राज्यमंत्री साकोरे-बोर्डीकर ने कहा कि महावितरण, महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण और धुले महानगरपालिका आपसी समन्वय के साथ सभी लंबित प्रस्तावों पर समयबद्ध कार्रवाई करें। उन्होंने नागरिकों की समस्याओं को दूर करने और जलापूर्ति तथा स्वच्छता जैसी बुनियादी सेवाओं को बिना किसी बाधा के जारी रखने के लिए संबंधित विभागों को प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में ऊर्जा विभाग के सहसचिव सूर्यकांत निकम, मुख्य अभियंता (ट्रांस, मुंबई) शिल्पा कुंभार, एमएमसी के मुख्य अभियंता प्रवीण प्रतापसिंग परदेशी, महावितरण कॉर्पोरेट कार्यालय के अधीक्षक अभियंता नितीन काळे, महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के कार्यकारी अभियंता धनंजय गोंडगे, अधीक्षक अभियंता गणेश देशमुख, अतिरिक्त कार्यकारी अभियंता गिरीश मोहिते, अतिरिक्त कार्यकारी अभियंता संजय चव्हाण सहित धुले महानगरपालिका के संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

