
मुंबई। एनसीपी (एसपी) प्रमुख और राज्यसभा सांसद शरद पवार को स्वास्थ्य जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के अनुसार, उन्हें दो दिन पहले नियमित जांच और फॉलो-अप के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था और उनकी स्थिति स्थिर है, किसी गंभीर समस्या की जानकारी नहीं है। इससे पहले भी 28 फरवरी को उन्हें इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं, इससे पूर्व सीने में जकड़न और सांस लेने में तकलीफ के चलते रूबी हॉल क्लिनिक में भी उन्हें दो बार भर्ती होना पड़ा था। हाल ही में शरद पवार ने केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले सहित अन्य नेताओं के साथ राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी। इस दौरान उन्हें व्हीलचेयर पर देखा गया था। शपथ ग्रहण समारोह सी.पी. राधाकृष्णन की उपस्थिति में संपन्न हुआ, जिसमें उपसभापति हरिवंश और संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू भी मौजूद थे। इस बीच, वारकरी परंपरा को लेकर शरद पवार के बयान के बाद राजनीतिक विवाद भी सामने आया था। उनके बयान का समर्थन करते हुए महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि वारकरी आंदोलन ने ऐतिहासिक रूप से सामाजिक सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, लेकिन समाज में विभाजन के प्रयास भी हो रहे हैं।हालांकि, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पवार की टिप्पणियों को खारिज करते हुए उन्हें गलत जानकारी पर आधारित बताया और कहा कि वारकरी परंपरा का इतिहास 800-900 वर्ष पुराना है, जो आध्यात्मिकता, भाईचारे और भागवत परंपरा की शिक्षाओं पर आधारित है।




