
नालासोपारा। नालासोपारा के पेल्हार इलाके में हुए सनसनीखेज शिरच्छेद हत्याकांड का पुलिस ने महज 12 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। मुंबई पुलिस की टीम ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान अशोकसिंह राजपूत (32) के रूप में हुई है, जबकि इस मामले में पुलिस ने दिनेशकुमार प्रजापती (27) और संदीप तिवारी (25) को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त सुहास बावचे के अनुसार, आरोपियों ने हत्या के बाद शव का सिर अलग कर उसे खानिवडे खाड़ी में फेंक दिया था, जिसे बाद में पुलिस ने बरामद कर लिया। सोमवार सुबह आंबेपाड़ा क्षेत्र में एक बोरी में बिना सिर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। सिर गायब होने के कारण मृतक की पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था। मृतक के दाहिने हाथ पर ‘अशोकसिंह’ नाम और बदाम का टैटू बना हुआ था, जिसके आधार पर पेल्हार क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की। पुलिस ने करीब 100 से 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध वाहनों की पहचान की, जिसके बाद आरोपी तक पहुंचना संभव हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपी दिनेशकुमार और मृतक अशोकसिंह के बीच किराना व्यवसाय में साझेदारी थी। इसी दौरान हुए आर्थिक विवाद के चलते आरोपियों ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक जघन्य अपराध का खुलासा हुआ है, जिससे इलाके में सुरक्षा को लेकर लोगों का भरोसा बढ़ा है।




