
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने शहर के मोहल्ला आदर्श नगर स्थित नहर पटरी रोड पर एनएच-25 से आदर्श नगर नहर पटरी तक प्रस्तावित मिसिंग लिंक मार्ग के नवनिर्माण कार्य का शिलान्यास एवं भूमिपूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भूमि पूजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि इस मार्ग के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही सड़क की समस्या का स्थायी समाधान होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि नए मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी तथा लोगों का आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा। विकास कार्य के शुभारंभ पर क्षेत्रीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति उनके लिए प्रसन्नता का विषय है।इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता कमलेश कुमार, नगर अध्यक्ष अवनीश गुप्ता, राजेंद्र मिश्रा, सभासद राकेश कुमार साहू, नामित सभासद विनय सिंह, प्रधान पवन यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

