
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। सदर विधायक पंकज गुप्ता के जन्मदिवस से एक दिन पूर्व शहर के पार्क व्यू पैलेस में वेदांता हेल्थकेयर क्लीनिक की ओर से वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ विधायक पंकज गुप्ता ने फीता काटकर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया और जरूरतमंद मरीजों को उपचार संबंधी सलाह दी। शिविर में डॉ. अंकुर सक्सेना, डॉ. सोनाली सक्सेना एवं दंत चिकित्सक डॉ. पूजा मिश्रा ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य प्रत्येक व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी है और सभी को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आगे भी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। इससे पहले शिविर के संयोजक मयंक बाजपेई एवं वरिष्ठ पत्रकार प्राचीन्द्र मिश्रा ने विधायक का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया तथा अग्रिम जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नगर पंचायत नवाबगंज के अध्यक्ष दिलीप लश्करी, पूर्व सभासद धर्मवीर सिंह ‘सोनू’, प्रियंका शुक्ला, प्रदीप सिंह, पवन सिंह, अधिवक्ता धर्मेंद्र सिंह, पत्रकार अमन दीक्षित सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।



