Wednesday, February 18, 2026
Google search engine
HomeUncategorizedविधायक व जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी, तिरंगा रैली में गूंजे भारत...

विधायक व जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी, तिरंगा रैली में गूंजे भारत माता के जयकारे

डॉ. अंशुमान अग्निहोत्री
उन्नाव, उत्तर प्रदेश।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को निराला प्रेक्षा ग्रह से भव्य तिरंगा रैली निकाली गई, जिसे सदर विधायक पंकज गुप्ता, जिलाधिकारी गौरांग राठी, मुख्य विकास अधिकारी कृति राज और नगर पालिका अध्यक्ष शकुन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में तिरंगा थामे और भारत माता के जयकारे लगाते स्कूली बच्चों ने रैली मार्ग को देशभक्ति के रंगों से सराबोर कर दिया।
रैली में डॉक्टर जी नाथ जी दयाल बालिका इंटर कॉलेज, अटल बिहारी इंटर कॉलेज, श्याम कुमारी सेठ बाल निकुंज, नेहरू बालिका इंटर कॉलेज समेत कई विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। उत्साह और उमंग से भरी इस यात्रा के बाद निराला प्रेक्षा ग्रह में हर घर तिरंगा महोत्सव का आयोजन हुआ, जिसका शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर और मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा, “हर घर तिरंगा कार्यक्रम वीरों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। देश को प्रगति और विकास की राह पर ले जाने में हम सभी की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।” उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने परिवार व आस-पड़ोस के लोगों के साथ तिरंगा लेकर सेल्फी लें और इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं।
नगर पालिका अध्यक्ष शकुन सिंह ने कहा कि हर हिंदुस्तानी के घर में तिरंगा होना चाहिए और इसका सम्मान बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। मुख्य विकास अधिकारी कृति राज ने कहा कि इस अभियान से देश की आजादी के लिए हुए संघर्षों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुशील कुमार गोंड, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अमिताभ यादव, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments