
कॉटन ग्रीन, रे रोड और शिवड़ी फायर स्टेशन क्षेत्र का बारिश के बीच किया निरीक्षण, जल निकासी के लिए पंप लगाने और सभी मैनहोल सुरक्षित करने के आदेश
मुंबई। मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच महापौर रितू तावड़े ने शुक्रवार को कॉटन ग्रीन रेलवे स्टेशन, रे रोड और शिवड़ी अग्निशमन केंद्र परिसर का दौरा कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुंबई पोर्ट ट्रस्ट (मुंबई पोर्ट अथॉरिटी) क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने तत्काल पंप लगाकर पानी निकालने और खुले मैनहोलों को सुरक्षित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान महापौर ने पाया कि मुंबई पोर्ट ट्रस्ट के अधिकार क्षेत्र वाले निचले इलाकों में भारी मात्रा में पानी जमा था, लेकिन उसकी निकासी के लिए एक भी पंप नहीं लगाया गया था। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए पर्याप्त क्षमता वाले पंप तत्काल तैनात करने और जलभराव की समस्या का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया।दौरे के दौरान कॉटन ग्रीन रेलवे स्टेशन के पास पुल के नीचे बारिश के बीच एक मैनहोल खुला छोड़कर काम किया जा रहा था। मौके पर न तो सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई इंजीनियर या जिम्मेदार अधिकारी मौजूद था। महापौर रितू तावड़े स्वयं मौके पर रुकीं और नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल बैरिकेडिंग कराने के आदेश दिए। उन्होंने मुंबई पोर्ट ट्रस्ट को अपने अधिकार क्षेत्र के सभी मैनहोलों की जांच कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।महापौर ने कहा कि मानसून के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि मानसून से जुड़ी व्यवस्थाओं, सार्वजनिक स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर जल्द ही मुंबई पोर्ट ट्रस्ट और बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि बेहतर समन्वय के साथ समस्याओं का स्थायी समाधान किया जा सके।



