बीएमसी कार्यालय के पास चल रहा अवैध कारोबार, कार्रवाई की मांग तेज
मुंबई। मुंबई पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना सामान्यतः उचित नहीं है विशेषकर तब जब विभाग की कमान वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी देवेन भारती के हाथों में हो। बावजूद इसके, कुछ अधिकारियों पर रिश्वतखोरी और हफ्ताखोरी के आरोपों के चलते विभाग की छवि प्रभावित होने की चर्चा है। मिली जानकारी के अनुसार कुर्ला पुलिस स्टेशन के बीट क्रमांक 3 की सीमा में मटका माफिया का अवैध धंधा फलपूल रहा है। बीएमसी एल वार्ड कार्यालय के लक्ष्मणराव यादव मार्केट के आसपास कथित रूप से मटका जुआ का अवैध कारोबार खुलेआम संचालित हो रहा है। स्थानीय सूत्रों का आरोप है कि इस गतिविधि की जानकारी होने के बावजूद संबंधित पुलिसकर्मी अनजान बने हुए हैं। सरकारी कार्यालय के समीप अवैध धंधे का संचालन कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। मामले में उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है, ताकि अवैध गतिविधियों पर रोक लग सके और पुलिस प्रशासन की साख बरकरार रहे।





