
ठाणे (इंद्र यादव)। ठाणे के नौपाडा इलाके में सोमवार सुबह एक कपड़ों के शोरूम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। नौपाडा स्थित गोखले रोड पर ‘पॅराडाईज सोसायटी’ के भूतल पर बने ‘प्राची फैशन स्टोर’ में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। सोमवार सुबह करीब 05:40 बजे शोरूम से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने सूचना दी। उस समय दुकान बंद थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। शोरूम करीब 2500 स्क्वायर फुट (ग्राउंड + 1 मंजिल) में फैला हुआ है। सूचना मिलते ही ठाणे महानगरपालिका (TMC) का आपदा प्रबंधन विभाग और अग्निशमन दल मौके पर पहुंच गया। राहत एवं बचाव कार्य में 3 फायर ब्रिगेड गाड़ियां, 2 वाटर टैंकर और 1 रेस्क्यू वाहन लगाया गया, जबकि मलबा हटाने के लिए JCB मशीन भी तैनात की गई। इस दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश झळके, आपदा प्रबंधन अधिकारी वाई. एम. तडवी और स्थानीय नगरसेवक संजय वाघुले मौके पर मौजूद रहे।करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 08:40 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई थी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और कूलिंग ऑपरेशन जारी है। दुकान के मालिक चेतन बोरीचा के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि दुकान में रखा पूरा स्टॉक और फर्नीचर जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच जारी है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और अग्निशमन दल की त्वरित कार्रवाई से आग को ऊपर की मंजिलों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई।



