
मुंबई। मुंबई को एक बार फिर दहलाने की धमकी मिली है। जानकारी के मुताबिक, मुंबई पुलिस को फिर से गुमनाम धमकी मिली है। लेकिन इस बार शहर को दहलाने की धमकी फोन या ईमेल से नहीं बल्कि ट्विटर पर मिली है। पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के साथ ही पुलिस महकमे को भी चौकन्ना कर दिया गया है। इस बीच खबर है कि एक संदिग्ध को पुलिस ने हिरासत में लिया है। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में पुलिस को एक बार फिर से आतंक मचाने की धमकी मिली है। इससे पहले के मामलों पर गौर करें तो अब तक फोन और ई-मेल के जरिए धमकियां मिलती थीं, वहीं अब अज्ञात शख्स ने ट्विटर के जरिए मुंबई में दहशत फैलाने की धमकी दी। कथित तौर पर आरोपी ने ट्वीट कर कहा है कि मैं मुंबई में बम धमाके करूंगा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 11 बजे मुंबई पुलिस के ट्विटर अकाउंट पर एक मैसेज भेजा गया, जिसमें लिखा था, ‘मैं बहुत जल्द मुंबई में धमाका करने वाला हूं। यह मैसेज इंग्लिश में लिखा गया था। आरोपी ने मैसेज में लिखा था, ‘I am gonna blast the Mumbai very soon’ मुंबई पुलिस ने इस मैसेज को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित विभाग को अलर्ट कर दिया. पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी व्यक्ति की पहचान कर ली है और पूछताछ के लिए उसे हिरासत में लिया गया है। मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मामले पर नजर बनाये हुए है।