
ठाणे। कल्याण पुलिस की विशेष टीम ‘डीसीपी स्क्वाड’ ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार एक शातिर ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 66.26 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 13.25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस उपायुक्त अतुल झेंडे के मार्गदर्शन में विशेष टीम अपराधियों और नशा तस्करों पर लगातार नजर रख रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक वांछित आरोपी, जो पहले से दर्ज एनडीपीएस मामले में फरार चल रहा था, क्षेत्र में सक्रिय है। इसी सूचना के आधार पर 19 जून की सुबह करीब 3:10 बजे पुलिस टीम अंबिवली के वडावली-अंबिवली रोड स्थित मंगेशी बिल्डिंग के पास निगरानी कर रही थी। इस दौरान एक स्कूटर (MH-05-EZ-6684) पर सवार युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से 66.26 ग्राम एमडी ड्रग बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्बास हैदर सैयद ईरानी (26) निवासी पाटिल नगर, अंबिवली के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पिछले कई महीनों से फरार चल रहा था। सहायक पुलिस आयुक्त अशोक हनमाने ने बताया कि आरोपी एक वांछित ड्रग तस्कर था, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस ने तकनीकी सूचनाओं और लंबे समय से चल रही निगरानी के आधार पर विशेष जाल बिछाया था। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे आगे की पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन से बड़े तस्करी नेटवर्क या गिरोह सक्रिय हैं। इस कार्रवाई के बाद अंबिवली और कल्याण क्षेत्र में सक्रिय ड्रग माफियाओं में हड़कंप मच गया है।



