
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दादरी पुलिस और नारकोटिक्स सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में लिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 19 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 2 फरवरी को मैनुअल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर अंबेडकर कॉलोनी क्षेत्र के पास घेराबंदी कर यह कार्रवाई की गई। मौके से गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामबाबू पुत्र अनूपलाल और अंजे पर्वत पुत्र ललन पर्वत के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसे अवैध रूप से बिक्री और आपूर्ति के लिए लाया गया था। गिरफ्तार अभियुक्त रामबाबू (55 वर्ष) मूल रूप से हरपुर जगन्नाथपुर, थाना महनार, जनपद वैशाली (बिहार) का निवासी है और वर्तमान में गगन विहार कॉलोनी, दादरी में रह रहा था। वहीं दूसरा अभियुक्त अंजे पर्वत (24 वर्ष) मूल रूप से थाना सिवान, जनपद सिवान (बिहार) का निवासी है और वर्तमान में दादरी क्षेत्र में निवास कर रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रामबाबू का आपराधिक इतिहास भी है और उसके खिलाफ थाना दादरी व थाना सिकन्द्राबाद, बुलंदशहर में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। थाना दादरी में दोनों अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



