
मुंबई। मुंबई के महाराष्ट्र राजभवन में शुक्रवार, 16 मई को सिक्किम राज्य स्थापना दिवस की 50वीं वर्षगांठ राज्यपाल और राज्य विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति सी.पी.राधाकृष्णन की उपस्थिति में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के अंतर्गत उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर राज्यपाल ने सिक्किम को प्लास्टिक मुक्त राज्य के रूप में प्रस्तुत करते हुए युवाओं से आग्रह किया कि वे इस उदाहरण से प्रेरणा लेकर अपने क्षेत्रों को प्लास्टिक मुक्त बनाने का प्रयास करें। उन्होंने जैविक खेती को बढ़ावा देने में सिक्किम की भूमिका की भी प्रशंसा की। कार्यक्रम में रंगोली निर्माण हेतु छात्र कुलदीप जथर और श्रद्धा चरतकर तथा सिक्किम की जीवनशैली पर चित्रण हेतु ओंकार गोमासे को सराहा गया। विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक टीम ने घांटू लोक नृत्य, लेप्चा लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत किए, जबकि मीडिया विभाग द्वारा बनाई गई सिक्किम की सुंदरता, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित एक ऑडियो-विजुअल फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नरनावरे ने स्वागत भाषण दिया और अवर सचिव सुशील मोरे ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में शिवाजी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डी. टी. शिर्के, प्रो-वाइस चांसलर पी. एस. पाटिल, रजिस्ट्रार डॉ. वी. एन. शिंदे, प्रबंधन परिषद के सदस्य, विद्यार्थी एवं सांस्कृतिक दल उपस्थित रहे। यह आयोजन राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समरसता और पर्यावरणीय चेतना का प्रभावशाली उदाहरण बना।



