
लखनऊ:(Lucknow) राजधानी में भगवान जगन्नाथ यात्रा की भव्य तैयारियां चल रही है। कहीं रंगोली से भगवान के यात्रा मार्ग को सजाया जायेगा तो कहीं चार घोड़ों से सजे रथ पर भगवान जगन्नाथ सवार होंगे। भगवान जगन्नाथ को 201 प्रकार के व्यजंनों से भोग लगाने की तैयारी भी चल रही है। रथयात्रा महोत्सव मंगलवार को आषाढ़ शुक्ल द्वितीया को मनाया जाएगा।
श्रीश्री राधा रमण बिहारी जी मंदिर, इस्कॉन की ओर से शहर के मुख्य मार्ग से भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। सोमवार को मंदिर के अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु ने यूपी प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि चारबाग, रवीन्द्रालय से शाम चार बजे से यात्रा प्रारम्भ होगी। यात्रा में उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मुख्य अतिथि व उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव मौर्या को विशिष्ट अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया है।
मंदिर अध्यक्ष ने बताया कि यात्रा में हाथी, ऊंट, घोड़ा एवं विशेष साज-सज्जा के साथ बनाए गए रथ पर भगवान जगन्नाथ,बहन सुभ्रदा व भाई बलदेव विराजित होंगे। साथ ही श्रीराम दरबार का दृश्य भी उपस्थित होगा। बताया कि पूरी यात्रा में पुष्प वर्षा, नृत्य प्रस्तुति,देवों के विभिन्न स्वरूप, भी यात्रा में शामिल होंगे। इसके अलावा श्री जगन्नाथ पुरी से आए पंडों द्वारा तैयार प्रसाद भी वितरित किया जाएगा। यात्रा चारबाग से बांसमण्डी चौराहां, हीवेट रोड़, बर्लिंगटन चौराहा, नावेल्टी चौराहा से होते हुए सहारागज में समाप्त होगी।
डालीगंज में पुरी के तर्ज पर चार घोड़े के रथ पर विराजित करके भगवान की यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा संयोजक एवं श्री माधव मंदिर समिति के महामंत्री अनुराग साहू ने बताया कि इस बार रथ यात्रा पुरी की तरह ही निकालने का प्रयास किया जाएगा। बताया कि भगवान जगन्नाथ के श्री विग्रह को पुरी से लाकर के प्राण प्रतिष्ठा पूजन के बाद श्री भगवान को नगर भ्रमण पर निकल जाएगा। इस बार भगवान जगन्नाथ जी का रथ आकर्षण का केंद्र रहेगा।
उन्होंने बताया कि यात्रा की शुरुआत शाम 4ः30 बजे से श्री जगन्नाथ में सुभद्रा बाय बलदेव भगवान के महाआरती करके छप्पन भोग प्रसाद लगाया जाएगा। रथ से प्रसाद में जामुन, मौसमी फल, बूंदी प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
उपाध्यक्ष ओमकार जायसवाल ने बताया कि इस बार शहर में पहली बार डालीगंज स्थित अतुल अग्रवाल चौराहा पर पांच मंचों पर वाराणसी से आए आचार्यों द्वारा महाआरती किया जाएगा। इसके अलावा अमीनाबाद, मोतीनगर, अलीगज हनुमान मंदिर, चौक व चौपटियां से भी यात्राएं निकाली जाएंगी।