
मुंबई। पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना के दूसरे चरण में राज्य के 6,36,036 पात्र किसानों को कुल 5,086 करोड़ रुपये की कर्जमाफी का लाभ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सीधे ऑनलाइन माध्यम से वितरित किया। सोमवार को सह्याद्री अतिथि गृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दूसरे चरण के लाभ का ऑनलाइन वितरण किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटील, मंत्रिमंडल के सदस्य, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि योजना के तहत अब तक 12,58,243 किसानों को कुल 10,115 करोड़ रुपये की कर्जमाफी का लाभ दिया जा चुका है। पात्र किसानों को लाभ देने की प्रक्रिया लगातार जारी है और लाभार्थियों की संख्या में भी नियमित रूप से अपडेट किया जा रहा है। अब तक 13.70 लाख कर्ज खातों का आधार प्रमाणीकरण पूरा हो चुका है।
दूसरे चरण में किस विभाग के कितने किसानों को लाभ
अमरावती विभाग: 1,45,808 किसानों को 1,208 करोड़ रुपये
नाशिक विभाग: 84,813 किसानों को 756 करोड़ रुपये
छत्रपति संभाजीनगर विभाग: 3,02,273 किसानों को 2,284 करोड़ रुपये
पुणे विभाग: 49,224 किसानों को 417 करोड़ रुपये
नागपुर विभाग: 44,864 किसानों को 366 करोड़ रुपये
कोकण विभाग: 9,054 किसानों को 54 करोड़ रुपये
सरकार के अनुसार योजना की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है। पात्र किसानों को कर्जमाफी का लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

