
देवेश प्रताप सिंह राठौर/ झांसी, उत्तर प्रदेश। कानपुर जोन की मासिक समीक्षा बैठक के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति की उपस्थिति में बुधवार को जनपद झांसी के सभी थानों के लिए ई-मालखाना पोर्टल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कानपुर जोन के सभी परिक्षेत्रों के पुलिस महानिरीक्षक/उपमहानिरीक्षक एवं विभिन्न जनपदों के पुलिस अधीक्षक भी मौजूद रहे। ई-मालखाना प्रणाली के तहत प्रत्येक माल मुकदमाती को यूनिक QR कोड के साथ पंजीकृत किया जाएगा। प्रत्येक साक्ष्य बॉक्स पर थाना, अपराध संख्या, दिनांक और आइटम कोड अंकित रहेगा। QR कोड स्कैन करते ही संबंधित माल मुकदमाती का पूरा विवरण तुरंत उपलब्ध हो जाएगा, जिससे साक्ष्यों के रखरखाव में पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित अनुरेखण सुनिश्चित होगा। इस प्रणाली के प्रभावी संचालन के लिए हेड मुहर्रिरों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही प्राप्त सुझावों और फीडबैक के आधार पर सॉफ्टवेयर को लगातार अपडेट भी किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि ई-मालखाना प्रणाली से जनपद के सभी थानों में माल मुकदमाती का प्रबंधन अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और तकनीक आधारित होगा, जिससे विवेचना की गुणवत्ता और कार्यकुशलता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

