Homeअन्य राज्यPanjabपंजाब में AAP नेता गुरप्रीत सिंह की गोली मारकर हत्या

पंजाब में AAP नेता गुरप्रीत सिंह की गोली मारकर हत्या

ममदोट के मुख्य बाजार में चार हथियारबंद हमलावरों ने बरसाईं गोलियां, साथी गंभीर घायल; चुनावी विवाद की आशंका

फिरोजपुर (पंजाब)। पंजाब के फिरोजपुर जिले में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की चार हथियारबंद हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात शनिवार शाम ममदोट के मुख्य बाजार में हुई। हमले में गुरप्रीत के साथ मौजूद 22 वर्षीय हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे चुनाव से जुड़े पुराने विवाद की आशंका सामने आई है। पुलिस के अनुसार, 45 वर्षीय गुरप्रीत सिंह अपने साथी हरप्रीत सिंह के साथ कार से जा रहे थे। इसी दौरान चार हमलावर एक कार से वहां पहुंचे। हमलावर वाहन से उतरते ही गुरप्रीत और हरप्रीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगे। अचानक हुई फायरिंग से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। हमले के दौरान पास से गुजर रहे बाइक सवारों की ओर भी गोलियां चलाई गईं, हालांकि वे बाल-बाल बच गए। गोली लगने से गुरप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान गुरप्रीत सिंह की मौत हो गई। हरप्रीत की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों घायलों को शनिवार रात करीब आठ बजे अस्पताल लाया गया था। गुरप्रीत सिंह की हालत बेहद गंभीर थी और बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया। दूसरे घायल की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे एडवांस इलाज के लिए रेफर किया गया। फिरोजपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) भूपिंदर सिंह ने बताया कि हमलावर कार से आए थे और उन्होंने गुरप्रीत सिंह तथा उनके साथी पर गोलियां चलाईं। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है और पुराने विवाद के साथ चुनाव से जुड़े विवाद के पहलू को भी खंगाला जा रहा है।
एसएसपी के मुताबिक, पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, जांच की गंभीरता को देखते हुए फिलहाल संदिग्धों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments