
एसटी यात्रा होगी अब और डिजिटल व पारदर्शी
मुंबई। महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल द्वारा यात्रियों के लिए सुविधाओं को आधुनिक और डिजिटल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘RuPay On-The-Go’ एनसीएमसी (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड) सक्षम स्मार्ट कार्ड योजना का लोकार्पण बुधवार को मंत्रालय में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हस्ते किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार, परिवहन मंत्री एवं एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक सहित अन्य मंत्री और एसटी महामंडल के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अमृत महोत्सवी ज्येष्ठ नागरिक रमेश ढावरे तथा सवलतधारक लाभार्थी संगीता पालकर और वर्षा कांबले को मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्रियों के हस्ते एनसीएमसी स्मार्ट कार्ड वितरित किए गए। इस योजना के तहत विद्यार्थियों, ज्येष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं तथा अन्य सवलतधारक यात्रियों को आधार से लिंक किए गए एनसीएमसी स्मार्ट कार्ड प्रदान किए जाएंगे। इस कार्ड के माध्यम से एसटी बस यात्रा में मिलने वाली रियायतों का लाभ अब अधिक सरलता से प्राप्त होगा, साथ ही पूरी यात्रा प्रणाली को डिजिटल, पारदर्शी और अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।




