HomeMaharashtra'बाबा शिंगोटे' के नाम पर लालबाग के चौक का नामकरण, मुख्यमंत्री देवेंद्र...

‘बाबा शिंगोटे’ के नाम पर लालबाग के चौक का नामकरण, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया लोकार्पण

मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि स्वर्गीय मुरलीधर उर्फ बाबा शिंगोटे ने एक सामान्य परिवार से निकलकर अपने परिश्रम के बल पर बड़ा व्यावसायिक साम्राज्य खड़ा किया। अखबार बेचने से लेकर एक अग्रणी समाचार पत्र समूह की स्थापना तक का उनका सफर प्रेरणादायक है। उन्होंने पत्रकारिता को केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि समाजसेवा का माध्यम बनाकर अनेक सामाजिक समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लालबाग स्थित नारायण उद्योग भवन के समीप स्थित चौक का नामकरण ‘मुरलीधर उर्फ बाबा शिंगोटे चौक’ किया गया। सोमवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नए नामपट्ट का अनावरण कर चौक का लोकार्पण किया। इस अवसर पर कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, मुंबई की महापौर रितू तावड़े, पुण्यनगरी समूह के संचालक अरविंद शिंगोटे, प्रवीण शिंगोटे, भावेश शिंगोटे, प्रतीक शिंगोटे, राजनीतिक संपादक उदय तानपाठक, संपादक शैलेंद्र शिर्के तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि बाबा शिंगोटे ने पत्रकारिता जगत में अपनी मेहनत और दूरदृष्टि से एक विशिष्ट पहचान बनाई। आज उनकी दूसरी और तीसरी पीढ़ी भी उसी समर्पण के साथ इस कार्य को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि व्यवसाय के शिखर पर पहुंचने के बावजूद बाबा शिंगोटे ने हमेशा सादगी को अपनाए रखा और कभी भी अपने व्यक्तित्व में अहंकार नहीं आने दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस चौक का नामकरण केवल एक औपचारिक सम्मान नहीं, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा का प्रतीक है। इससे आने वाली पीढ़ियां बाबा शिंगोटे के संघर्ष, सादगी और समाजसेवा के मूल्यों को हमेशा याद रखेंगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments